Saturday, August 14, 2010

Simdega : किसकी आजादी, किसका जश्न

नई दिल्ली  [ जगमोहन ]

प्रथम स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंडित जवाहर लाल नेहरू ने दृढ़ प्रतिज्ञा लेते हुए यह घोषणा की थी कि हम निश्चय ही एक शक्तिशाली भारत का निर्माण करेंगे। यह भारत न केवल विचारों में, कार्यो में और संस्कृति में शक्तिशाली होगा, बल्कि मानवता की सेवा के मामले में भी आगे होगा। लेकिन क्या हम ऐसा सचमुच कर पाए? क्या हमने एक ऐसे भारत का निर्माण नहीं किया है, जो विचारों में सतही, कार्यो में अकुशल, संस्कृति में उथला और मानवता की सेवा में कमजोर है?
14-15 अगस्त की अ‌र्द्धरात्रि में अपने ऐतिहासिक भाषण में नेहरू ने भरपूर जोश के साथ अपने काव्यात्मक अंदाज में कहा, 'मध्यरात्रि की इस बेला में, जबकि पूरा विश्व सोया हुआ है, भारत स्वतंत्रता और नए जीवन के लिए जगेगा। यह एक ऐसा क्षण है, जो इतिहास में बहुत ही दुर्लभ होता है। यह एक ऐसा क्षण है, जब हम पुराने से नए में प्रवेश कर रहे हैं। यह एक नए युग का आरंभ है। यह एक ऐसा समय है, जब वर्षो से दमित राष्ट्र की आत्मा फिर से जागने जा रही है।' परंतु भारत क्या वास्तव में जगा और अपनी आत्मा को नई अभिव्यक्ति दे सका? क्या यह सच नहीं है कि जगी हुई भारत की आत्मा को फिर से सुला दिया गया और इस पर दमन की और परतें चढ़ा दी गई?
हमने अपने लिए एक संविधान का निर्माण किया और भारत में संप्रभुतासंपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य की धारणा को स्थापित किया गया। परंतु यहां लोकतांत्रिक गणराज्य की बजाय वंशवादी प्रभुत्व है, संप्रभुता का उपयोग विधायिका में चुने गए अपराधी कर रहे हैं और इसी तरह पंथनिरपेक्षता का व्यावहारिक उपयोग जाति और समूह के आधार पर राजनीतिक निर्णयों में देखा जा सकता है। इसी तरह समाजवाद की धारणा आज उच्चतम आय यानी असमानता का कारण बन रही है?
हमारे राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न के नीचे सत्यमेव जयते यानी सत्य की ही विजय होती है, लिखा हुआ है। आखिर क्या वजह है कि असत्य का साम्राज्य फैला हुआ है और लोगों पर लग रहे कलंक और झूठ को लेकर बहसें हो रही हैं? झंडे में बना चक्र हमारी प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है, लेकिन क्या हम आज अपनी प्राचीन संस्कृति की जड़ों पर ध्यान दे रहे हैं?
देश का सर्वोच्च पद भी स्वार्थ से प्रेरित अनैतिक राजनीति का शिकार बन चुका है। लोकतंत्र के इस सर्वोच्च पद पर भी राजनीतिक शिकंजा कसता नजर आ रहा है। हत्या, अपहरण, अवैध गतिविधियों में लिप्त आज लोकतंत्र के सम्मानित सासद, विधायक हैं। जेल में बंद हैं, फिर भी सासद हैं। जो जंगल में घूम रहे हैं, वे संसद में दिख रहे हैं। आखिर आजादी के बाद उभरे इस तरह के परिदृश्य के लिए कौन जिम्मेवार है?
अब प्रश्न यह उठता है कि क्या देश के इन्हीं हालातों के लिए लाखों लोगों ने कुर्बानिया दी? इस तरह के उभरते हालातों पर आज मंथन करने की विशेष जरूरत है। वर्ष 1857 से लेकर 9 अगस्त 1947 के मध्य छिड़ी आजादी की जंग पर एक नजर डालें, जहा देश की आजादी के लिए अनोखी जंग छिड़ गई थी। एक तरफ अंग्रेजों को छक्के छुड़ाने वाली लक्ष्मी बाई तो दूसरी ओर जीवन के अंतिम पड़ाव पर पड़े बूढ़े शेर बाबू कुंवर सिंह के बाजुओं की ताकत के आगे निढाल पड़ी अंग्रेजी हुकूमत।
साथ ही साथ देश भक्ति में सराबोर हुए आजादी के दीवानों का जत्था, जिनकी कुर्बानियों के आगे अंग्रेजी हुकूमत को यहा से बिदा होना पड़ा।
हम याद करें, मंगल पाडे की कहानी, जिन्होंने निस्स्वार्थ भाव से अंग्रेजों के विरूद्ध अलख जगाकर आजादी की जंग छेड़ दी। राम प्रसाद विस्मिल, भगत सिंह, आजाद आदि के त्याग एवं बलिदान की कहानी को इतना जल्दी कैसे भूल गए? आज गाधी, बाल गंगाधर तिलक, के साथ-साथ देश की आजादी की जंग में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अनेक गुमनाम शहीद हर भारतीय से पूछ रहे हैं, क्या भारत के इसी स्वरूप के लिए हम सबने बलिदान दिया?

Thursday, August 12, 2010

Simdega : सावन तीज महोत्सव का आयोजन

अग्रवाल महिला समिति के तत्वावधान में गुरुवार को आनंद भवन में सावन तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। तीज महोत्सव में महिलाओं के मनोरंजन के लिये सावन झूले का निर्माण किया गया था। तीज महोत्सव में महिला समिति के द्वारा कैंटीन एवं अन्य स्टॉल भी सजाया गया था। कैंटीनों में बने जायकेदार व्यंजनों का महिलाओं ने जमकर लुत्फ उठाया। तीज महोत्सव के मौके पर समिति द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में सावन रानी, सावन राजकुमारी, फैंसी ड्रेस एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया एवं विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। अरूणा शर्मा को सावन की रानी, खुशबू बंसल को सावन राजकुमारी का खिताब तथा सुनिता बामलिया को मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मिला। हर्ष बंसल को फैंसी ड्रेस में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। महोत्सव को सफल बनाने में महिला समिति के सदस्यों का योगदान रहा।

Sunday, August 8, 2010

Simdega : पीर की मजार पर शांति व सौहार्द की दुआएं मांगी

कोलेबिरा (सिमडेगा)। कोलेबिरा थाना परिसर में स्थित हजरत अंजान शाह पीर बाबा के मजार पर आयोजित दो दिवसीय उर्स शरीफ के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। झारखंड, उड़ीसा व छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने बाबा के मजार पर चादरपोशी कर मन्नतें मांगीं। साथ ही कोलेबिरा अंजुमन की ओर से सदर व सचिव ने चादरपोशी कर जिले में शांति और सौहार्द की दुआएं मांगी। इधर रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: में सलातो सलाम के साथ हुआ। इसके बाद गुल का छिठा का भी आयोजन किया गया। इधर दो दिनों में काफी संख्या में लोग पहुंचे और दुआएं मांगीं। मजार के खादिम बारिक हसन सिद्दिकी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन में शहजाद, मिन्हाज, मेराज, हैदर अली, सरवर, मेहंदी, हसन, अजीमुद्दीन आदि का योगदान रहा।

Simdega : धूम धड़ाके के साथ निकली भोले बाबा की बारात

सिमडेगा। रविवार को जिला मुख्यालय में शिवरात्रि के मौके पर भक्तों ने भोले बाबा की बरात निकाली एवं शिव विवाह का आयोजन रामजानकी मंदिर में किया। शिव बारात में शामिल बारातियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। लोग नाचते-गाते चल रहे थे। शाम सात बजे महावीर मंदिर से निकली बारात एसबीआई पथ होते हुए रामजानकी मंदिर पहुंची। गाजे-बाजे के साथ मंदिर में बारात पहुंचने के बाद यहां भोले बाबा का विवाह पार्वती के साथ हुआ। शिव का रूप धारण किये नटवर अग्रवाल ने पार्वती बनी अपनी धर्मपत्नी के गले में जब माला डाला तो मंदिर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शिव पार्वती का श्रृंगार ऋषि बोंदिया व प्रदीप मित्तल की टीम ने किया था। कार्यक्रम में भक्तों को प्रसाद वितरण भी हुआ। महाआरती में भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रामजानकी मंदिर के पुजारी वासुदेव गौतम की अगुवाई में हुए कार्यक्रम में ओमप्रकाश शर्मा, प्रदीप शर्मा, लल्लू, बल्लू शर्मा, बजरंग बंसल, पवन अग्रवाल, पिंकुल अग्रवाल, महेश वर्मा, विनोद अग्रवाल, नरेश माजरिया, विनीत मित्तल, रवि गोयल सहित भक्तों का योगदान रहा। इधर शिवरात्रि के मौके पर सुबह से ही शिवमंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने मंदिरों मे जल अर्पित किया।